पंजाब के दो हथियार तस्कर निंबाहेड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया

कोतवाली थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के खिलाफ की बड़ी कार्यवाही
पंजाब के दो हथियार तस्कर निंबाहेड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया
@महेन्द्र धाकड़
चित्तौड़गढ़। जिले के निम्बाहेड़ा कोतवाली पुलिस ने एमपी से हथियार खरीद कर दो शातिर बदमाश पंजाब जाते समय गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास दो पिस्टल, 4 मैगजीन और 4 कारतूस मिले। दोनों के खिलाफ पंजाब में हत्या, अवैध हथियार, जान से मारने की कोशिश और हथियार तस्करी के मामले दर्ज हैं। यह हथियार आरोपियों ने अपने इंस्टाग्राम फ्रेंड से खरीदना बताया।
ASI सूरज कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब के दो व्यक्ति एक ढाबे पर खाना खाकर निकले हैं। दोनों ही संदिग्ध है। इस पर निंबाहेड़ा कोतवाली पुलिस की एक टीम ने नीमच-निम्बाहेड़ा हाईवे रोड, जलिया चेक पोस्ट के पास नाकाबंदी शुरू की। इस दौरान नीमच की तरफ से एक पंजाब की नंबर प्लेट लगी बाइक आती दिखाई दी। बाइक को जैसे ही रोकने की कोशिश की तो चालक ने अलग-अलग जगहों पर बाइक लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर जब दोनों को पकड़ा और तलाशी ली तो दोनों के पास से दो पिस्तौल, चार मैगजीन और चार कारतूस मिले। बाइक चालक ने अपना नाम नवांशहर, पंजाब निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र सतनाम सिंह बताया। जबकि पीछे बैठा उसके साथी ने अपना नाम जालंधर, पंजाब निवासी संदीप सिंह उर्फ रिकी पुत्र सोढी राम बताया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि एक महीने पहले इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती एक व्यक्ति से हुई। उससे पता चला कि उसके पास पिस्टल है और वह मध्यप्रदेश के सेंधवा का रहने वाला है। इसलिए दोनों पंजाब से सेंधवा पिस्टल खरीदने आए थे। दोनों पिस्टल लगभग 90 हजार रुपए में खरीदी गई है। किसी को शक ना हो इसीलिए बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह पहले इंदौर गए। इंदौर से होते हुए सेंधवा गए और वहां से चित्तौड़गढ़ होते हुए वापस पंजाब जा रहे थे।
आरोपियों ने बचने के लिए पुलिस को बताया कि उनकी जान को खतरा है। इसीलिए उन्होंने यह पिस्टल खरीदी है। जब पुलिस को उनकी बातों पर शक हुआ तो दोनों के नाम से पंजाब के थानों में जानकारी ली। इस दौरान पता चला दोनों के नाम पर कई मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।