मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य ने अपनी बहन की शादी में किया कुछ ऐसा, कि देखकर दंग रह गए लोग
मकर संक्रांति के बाद अब शादियों का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में अब उदयपुर में भी शाही शादियों की धूम मचने लगी है। हाल ही में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने शाही तरीके से अपनी बड़ी बहन भार्गवी कुमारी की शादी परंपरानुसार संपन्न कराई।

उदयपुर: मकर संक्रांति के बाद अब शादियों का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में अब उदयपुर में भी शाही शादियों की धूम मचने लगी है। हाल ही में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने शाही तरीके से अपनी बड़ी बहन भार्गवी कुमारी की शादी परंपरानुसार संपन्न कराई।
इस शाही शादी में खास बात यह रही कि लक्ष्यराज सिंह अपने बेटे हरितराज सिंह मेवाड़ संग मायरा की रस्म का निर्वहन करने के लिए सिटी पैलेस से नाई स्थित शादी समारोह स्थल के लिए खुद बस चलाकर ले गए। ऐसे में जब वह समारोह स्थल पर मायरा की रस्म अदा करने पहुंचे, तो देशभर से आए राजे-रजवाड़े उन्हें देखकर दंग रह गए।
क्योंकि लक्ष्यराज सिंह इस बस में अपने पूरे परिवार, अभिनेता और अंतरराष्ट्रीय कवि शैलेश लोढ़ा समेत अन्य कई इष्ट मित्रों को बैठाकर ले गए थे। जिस पर अंतरराष्ट्रीय कवि शैलेष लोढ़ा ने कहा कि जो आदमी किसी के भी बस में नहीं आया, वह अपनों को लेकर बस चला रहा है।
बता दें कि लक्ष्यराज सिंह की बड़ी बहन भार्गवी कुमारी का विवाह बिस्साऊ ठिकानेदार आंजनेय सिंह बिस्साऊ के साथ हुआ है। इस शाही शादी समारोह में पूर्व राजपरिवार बलांगीर के पूर्व महाराजा कनकवर्धन सिंह देव, जयपुर पूर्व राजघराने के सवाई पद्मनाथ सिंह, रावत हिम्मत सिंह बेदला, कनकवर्धन सिंह देव बलांगीर, रोहिताश्व सिंह गोगुंदा, अजय विक्रम सिंह करजाली, डॉ. कुश सिंह परमार संतरामपुर, रावत गुणवंत सिंह झाड़ोल आदि पूर्व राजे-रजवाड़ों से महानुभाव शामिल हुए।