जयपुर फुट निर्माण विधि का राज्यपाल गुलाबचन्द कटारिया ने किया अवलोकन, पंजाब में स्थायी केंद्र स्थापना के प्रयास
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचन्द कटारिया ने भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति में जयपुर फुट निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन किया। बी.एम.वी.एस.एस. द्वारा दिव्यांगों के पुनर्वास में की गई विश्व स्तरीय सेवा की सराहना की और पंजाब में स्थायी केंद्र की स्थापना का आश्वासन दिया।
दिनांकः 27.04.2025
प्रेस-विज्ञप्ति
जयपुर:
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचन्द कटारिया ने रविवार को भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बी.एम.वी.एस.एस.) में विश्व प्रसिद्ध जयपुर फुट की निर्माण विधि का अवलोकन किया।
राज्यपाल कटारिया का स्वागत बी.एम.वी.एस.एस. के संस्थापक और मुख्य संरक्षक डी.आर. मेहता, कार्यकारी अध्यक्ष एस.एस. भण्डारी, सचिव भूपेन्द्र राज मेहता, तकनीकी सचिव डॉ. दीपेन्द्र मेहता और कोषाध्यक्ष विमल चौपड़ा ने किया।
तकनीकी सचिव डॉ. दीपेन्द्र मेहता ने राज्यपाल को जयपुर फुट की उपयोगिता और निर्माण विधि के बारे में जानकारी दी।
राज्यपाल ने दिव्यांगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बी.एम.वी.एस.एस. आज विकलांगों के पुनर्वास की विश्व में सबसे बड़ी संस्था है। उन्होंने कहा कि बी.एम.वी.एस.एस., जो अपना स्वर्ण जयंती मना रही है, ने डी.आर. मेहता के नेतृत्व में एक ऐसी संस्था का निर्माण किया है जो केवल सेवा भाव के कारण विश्वभर में ख्यातिप्राप्त कर चुकी है।
राज्यपाल कटारिया ने कहा कि जब से उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की, तब से वह डी.आर. मेहता को मसीहा के रूप में देख रहे हैं। डी.आर. मेहता ने जयपुर फुट से न सिर्फ भारत के दिव्यांगों को चलने-फिरने योग्य बनाया, बल्कि विश्व के 44 देशों के 44 हजार दिव्यांग भी जयपुर फुट पर चलने-फिरने योग्य बन गए हैं।
राज्यपाल कटारिया ने कहा कि अब तक सवा दो लाख दिव्यांगों की सेवा जयपुर फुट के जरिए बी.एम.वी.एस.एस. कर चुकी है और कृत्रिम पैर, हाथ तथा उपकरण निःशुल्क प्रदान कर चुकी है, जिसका विश्व में कोई दूसरा उदाहरण नहीं है।
राज्यपाल कटारिया, जो चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य प्रशासक भी हैं, ने कहा कि वह पंजाब सरकार के सहयोग से पंजाब में जयपुर फुट के एक स्थायी केंद्र की स्थापना के लिए प्रयास करेंगे।
उन्होंने डी.आर. मेहता और कार्यकारी अध्यक्ष एस.एस. भण्डारी को बी.एम.वी.एस.एस. की कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ पंजाब सरकार से बातचीत कर पंजाब में एक स्थायी केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।
एस.एस. भण्डारी ने राज्यपाल को चांदी की नांदी और धार्मिक पुस्तक भेंट की।
सम्पर्क:
प्रकाश भण्डारी
9414041782