इंदौर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की उपस्थिति में हुआ राजवाड़ा और गोपाल मंदिर का लोकार्पण
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक हितकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना के बाद अब लाडली बहन योजना राज्य में शुरू की जा रही है।

इंदौर: शहर में माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में G20 सम्मेलन के तहत शहर में 116 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया l इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक हितकारी योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना के बाद अब लाडली बहन योजना राज्य में शुरू की जा रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर आईटी शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में अव्वल आने वाला शहर है। कार्यक्रम में विधायक आकाश विजयवर्गीय और इंदौर महापौर मित्र भार्गव ने मंच से जनता को विकास योजनाओं की जानकारी दी और प्रारंभ में मुख्यमंत्री जी ने मां देवी अहिल्या की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और गोपाल मंदिर में दर्शन के बाद राजवाड़ा में विकास कार्यों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्री तुलसी सिलावट, पुष्यमित्र भार्गव, विधायक आकाश विजयवर्गीय, निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल एवं अन्य अतिथियों के साथ राजवाड़ा का भी लोकार्पण किया और मंदिर का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने राजवाड़ा सभा में कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार विकास की बजाय आइफा अवॉर्ड करवा रही थी। राजवाड़ा के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री फूटी कोठी चौराहा पर 6 लेन फ्लाईओवर का भूमि पूजन करने गए। जिसके बाद उन्होंने घोषणा कि फूटी कोठी चौराहे पर बनने वाला 6 लेन फ्लाईओवर संत सेवालाल जी के नाम से पहचाना जाएगा।